जगदलपुर। ऐतिहासिक लालबाग मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। समारोह के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश प्रदेश की जनता के नाम वाचन किया।
समारोह में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में सहभागिता की।
शहीद परिवारों और भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह की परंपरा के अनुरूप उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद परिवारों और भूतपूर्व सैनिकों से मुलाकात की। उन्होंने उनके योगदान और बलिदान को नमन करते हुए उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवान, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने भी वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
Comments