कांकेर में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

रायपुर/कांकेर। उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में कांकेर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। करीब ढाई किलोमीटर लंबी पैदल रैली में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों और शहरवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विधायक आशाराम नेताम और छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत भी यात्रा में शामिल हुईं।

ढाई किलोमीटर तक लहराया तिरंगा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान से शुरू हुई। यात्रा नगर घड़ी चौक, ऊपर-नीचे रोड, मस्जिद चौक और गांधी चौक होते हुए नवनिर्मित मिनी स्टेडियम परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई।

रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ भागीदारी की। शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया। वहीं, विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए लोगों ने चॉकलेट और टॉफियां भी बांटीं।

92 फीट लंबे तिरंगे ने खींचा आकर्षण

तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने 92 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा विशाल तिरंगा प्रदर्शित किया। शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते समय विशाल राष्ट्रध्वज लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

सेंट माइकल इंग्लिश स्कूल की बैंड टोली में शामिल छात्राओं ने राष्ट्रगीत की धुन पर वाद्य यंत्र बजाते हुए मार्चपास्ट किया। यात्रा की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुई।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजन

केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देश पर वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

केंद्र और राज्य शासन के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।

Comments