खदान के पास अचानक धंसी जमीन, ग्रामीणों में दहशत

बांकी मोंगरा की नंबर-2 खदान के पास खेत में भूस्खलन; बारिश के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल

कोरबा, 21 अगस्त। बांकी मोंगरा क्षेत्र में नंबर-2 खदान के समीप स्थित एक खेत में अचानक जमीन का हिस्सा धंसने और खिसकने की घटना सामने आई है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में चिंता और दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि खदान क्षेत्र से लगे खेत में जमीन का एक हिस्सा अचानक खिसक गया। लगातार बारिश के बीच खदान से सटे इलाके में जमीन धंसने की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

बड़े हादसे की आशंका से ग्रामीण चिंतित

ग्रामीणों का कहना है कि खदान प्रभावित क्षेत्र में जमीन धंसने जैसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग को तत्काल मौके का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आसपास रहने वाले लोगों और खेतों की सुरक्षा पर कोई खतरा तो नहीं है।

फिलहाल घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। जमीन धंसने के वास्तविक कारण, प्रभावित क्षेत्र और संभावित नुकसान का आकलन अधिकारियों के स्थल निरीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

The Big Shot के सवाल

क्या लगातार बारिश बनी वजह या खनन गतिविधियों का भी कोई असर?
क्या खदान प्रभावित क्षेत्र में जमीन की स्थिरता की नियमित निगरानी होती है?
क्या प्रभावित क्षेत्र का तत्काल तकनीकी सर्वे कराया जाएगा?

The Big Shot इस मामले में प्रशासन और संबंधित खनन प्रबंधन की आधिकारिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद स्थिति को और स्पष्ट रूप से पाठकों तक पहुंचाएगा।

Comments