बस्तर तिरंगा यात्रा का आगाज: विजय शर्मा और केदार कश्यप ने बाइक से किया नेतृत्व, नक्सल प्रभावित इलाकों में पहुंचेगा तिरंगा
नारायणपुर, 12 अगस्त 2026। बस्तर में शांति, एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर बुधवार को ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का शुभारंभ नारायणपुर जिला मुख्यालय स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड से हुआ। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने बाइक पर तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया।
यात्रा का उद्देश्य बस्तर के उन इलाकों तक राष्ट्रध्वज और विकास का संदेश पहुंचाना है, जो लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहे हैं। यात्रा 14 अगस्त को बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराने के साथ संपन्न होगी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नारायणपुर का चयन विशेष उद्देश्य से किया गया है, क्योंकि यह क्षेत्र लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है। उन्होंने कहा कि अब इन इलाकों में नक्सलवाद के स्थान पर शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि 31 मार्च 2026 तक राज्य और देश से नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य हासिल किया गया है।
शर्मा ने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के 90 से अधिक ऐसे गांवों में तिरंगा फहराया जाएगा, जहां आजादी के बाद पहली बार स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज लहराएगा। उन्होंने कहा कि तिरंगे का फहराना केवल राष्ट्रगौरव का प्रतीक नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहुंच का भी संदेश है।
वन मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने कहा कि कभी नक्सल गतिविधियों के केंद्र रहे इलाकों से आज तिरंगा यात्रा निकलना बस्तर में आए बदलाव का प्रतीक है। यात्रा के दौरान उन स्थानों की मिट्टी भी एकत्र की जाएगी, जहां जवानों और नागरिकों ने शहादत दी है। इस मिट्टी का उपयोग भविष्य में बनने वाले स्मारक में किया जाएगा।
तीन दिनों में नक्सल प्रभावित इलाकों से गुजरेगी यात्रा
पहले दिन यात्रा नारायणपुर से मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई, कन्हारगांव, कड़ेनार, बोदली, सातधार और बारसूर होते हुए दंतेवाड़ा पहुंची।
दूसरे दिन यात्रा दंतेवाड़ा से सुकमा और बीजापुर जिले के विभिन्न नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। तीसरे दिन बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी और ताड़पाला होते हुए कर्रेगुट्टा पहाड़ी पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।
कार्यक्रम में लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
Comments