तामेश्वर शर्मा मौत मामला: परिजनों ने नर्स पर समझौते के लिए पैसे का प्रलोभन देने का लगाया आरोप

खरसिया। खरसिया सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान तामेश्वर उर्फ प्रद्युम शर्मा की मौत के मामले में मृतक के परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य मंत्री और जिला कलेक्टर से लिखित शिकायत की है। शिकायत में डॉ. विक्रम राठिया, डॉ. सजन अग्रवाल, स्टाफ नर्स एवं ओटी इंचार्ज सुमति लोहा सहित अन्य संबंधित स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है।

मृतक के परिजनों ने दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों एवं संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

समझौते के लिए पैसे का प्रलोभन देने का आरोप

मृतक के पिता रावेन्द्र शर्मा का आरोप है कि 7 अगस्त को स्टाफ नर्स सुमति लोहा उनके चाय की दुकान पर पहुंचीं। उनका कहना है कि नर्स ने खुद को डॉ. विक्रम राठिया की ओर से भेजे जाने की बात कहते हुए मामले में समझौता करने की बात कही और इसके बदले पैसे का प्रलोभन दिया।

रावेन्द्र शर्मा के अनुसार, उन्हें यह भी कहा गया कि यदि वे समझौता नहीं करेंगे तो वे जो करना चाहें कर सकते हैं, क्योंकि पूरा स्वास्थ्य विभाग उनके साथ है। मृतक के पिता ने इस कथित घटना को लेकर सिविल अस्पताल खरसिया में भी लिखित शिकायत देने की बात कही है।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग

मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी तथा एफएसएल रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही चिकित्सकीय लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ एफआईआर सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

मामले में अब स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं। परिजनों का कहना है कि उन्हें तामेश्वर की मौत के वास्तविक कारण और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई चाहिए।

Comments