अटल जी के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि : बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी में आयोजित विभिन्न श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में शामिल होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सांसद अग्रवाल ने जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर, अटल चौक अवंती विहार और अटल परिसर फुंडर चौक में अटल जी के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की सेवा की।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने भारत को सुशासन, विकास और राष्ट्रवाद की नई दिशा दी। पोखरण परमाणु परीक्षण और स्वर्णिम चतुर्भुज योजना जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों ने देश की विकास यात्रा को नई गति प्रदान की।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद अटल जी अपने विरोधियों का सम्मान करते थे। उनका जीवन लोकतंत्र में संवाद, संवेदनशीलता और राजनीतिक शुचिता का उदाहरण है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का गठन उनकी दूरदर्शिता और संवेदनशील नेतृत्व का परिणाम था। अटल जी के सपनों का समृद्ध, सक्षम और विकसित छत्तीसगढ़ बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Comments