बालोद। खेती-किसानी में मजदूरों की कमी आज किसानों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसी समस्या का समाधान तलाशते हुए बालोद जिले के अरकार गांव के किसान टिकेंद्र साहू ने अपनी मेहनत और तकनीकी सोच से ऐसा कृषि यंत्र तैयार किया है, जो महज 8 मिनट में एक एकड़ खेत में कीटनाशक और खाद का छिड़काव कर सकता है।
करीब 30 वर्षीय टिकेंद्र साहू खुद 25 एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। इसके अलावा उन्होंने 15 एकड़ जमीन लीज पर लेकर खेती का रकबा बढ़ाया है। कुल 40 एकड़ में खेती करने वाले टिकेंद्र को लगातार मजदूरों की कमी का सामना करना पड़ रहा था। इसी परेशानी ने उन्हें खेती का काम आसान बनाने के लिए एक नया यंत्र तैयार करने की प्रेरणा दी।
पिता के सहयोग से तैयार किया यंत्र
टिकेंद्र ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब के माध्यम से कृषि यंत्रों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पंजाब जाकर इसी तरह की मशीन को करीब से देखा। वहां से लौटने के बाद उन्होंने खुद ऐसा यंत्र बनाने का फैसला किया, जो ट्रैक्टर की मदद से खेत में खाद और कीटनाशक का छिड़काव कर सके।
यंत्र तैयार करने में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये खर्च हुए। शुरुआती प्रयासों में उन्हें एक-दो बार असफलता भी मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। पिता के सहयोग और लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार वह ट्रैक्टर चलित कृषि यंत्र बनाने में सफल रहे।
8 मिनट में एक एकड़ में छिड़काव
किसान के मुताबिक तैयार किए गए यंत्र की मदद से महज 8 मिनट में एक एकड़ खेत में कीटनाशक या खाद का छिड़काव किया जा सकता है। इससे खेती में लगने वाला समय और श्रम दोनों कम हो रहे हैं। साथ ही मजदूरों पर निर्भरता भी काफी हद तक घट गई है।
टिकेंद्र साहू का यह नवाचार अब आसपास के किसानों के लिए भी चर्चा का विषय बन गया है। सीमित संसाधनों के बीच अपनी समस्या का समाधान खुद तलाशकर उन्होंने यह साबित किया है कि खेती में तकनीक और नवाचार का इस्तेमाल किसानों के लिए काफी मददगार साबित हो सकता है।
Comments