रायगढ़, 22 अगस्त। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में निजी सुरक्षा गार्ड पर फायरिंग करने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है। घटना के बाद आरोपी बिहार जाकर खेत में छिपा हुआ था, जिसे पुलिस टीम ने करीब दो घंटे की सघन तलाश के बाद दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे शराब दुकान के बाहर सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल से दो युवकों का विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने गार्ड को जान से मारने की धमकी दी और पिस्टलनुमा हथियार से गोली चला दी। गोली गार्ड के पेट में लगी। घायल गार्ड ने आहाता के पीछे छिपकर अपने साथियों को सूचना दी और डायल-112 को घटना की जानकारी दी।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 296, 351(3), 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर पतासाजी की।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान विवेक कुमार यादव (19 वर्ष), निवासी जीतझिंगोई, थाना खैरा, जिला जमुई, बिहार के रूप में हुई। पुलिस को पता चला कि वह गेरवानी स्थित अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करता था और घटना के बाद से फरार है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी घर से निकलकर खेत में जाकर छिप गया। टीम ने इलाके की घेराबंदी कर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब दुकान पर गार्ड द्वारा डांटने से उसका साथी रोशन ठाकुर नाराज हो गया था। इसी बात से गुस्से में आकर विवेक अपने कमरे से पिस्टल लेकर वापस शराब दुकान पहुंचा और गार्ड पर गोली चला दी। आरोपी के अनुसार उसने यह पिस्टल बिहार में एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये में खरीदी थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया है। मामले में फरार साथी रोशन ठाकुर की तलाश जारी है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध कर दूसरे राज्य में भागने वाले आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। अपराधी किसी भी राज्य में जाकर छिपे, पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और आपसी समन्वय के माध्यम से उसकी तलाश कर उसे कानून के दायरे में लाएगी।
पुलिस टीम की भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा, आरक्षक हेम सागर पटेल, विक्रम कुजूर, ओम प्रकाश तिवारी और विनोद शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी ने टीम को सफलता के लिए बधाई दी।
Comments