राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। हत्या के बाद घटना को सड़क हादसा बताने के लिए शव को सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया गया।
सड़क किनारे मिला था शव
घटना 10 अप्रैल की बताई जा रही है। चिचोला पुलिस चौकी, थाना छुरिया क्षेत्र के ग्राम महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास NH-53 सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव गड्ढे में पड़ा मिला था। मृतक के मुंह, नाक और माथे से खून निकल रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मामला सड़क हादसा नहीं बल्कि हमले से हत्या का सामने आया।
पत्नी के प्रेम संबंध ने खोला हत्या का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू के किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने पत्नी और संदिग्ध युवक से पूछताछ की। शुरुआत में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी अपने पति से अलग होकर प्रेमी के साथ रहना चाहती थी। आरोप है कि पत्नी के कहने पर उसके प्रेमी नरबद साहू ने पैदल जा रहे प्रेम लाल साहू पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
- नरबद साहू, पिता देवलाल साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पटपर, पुलिस चौकी चिचोला, जिला राजनांदगांव।
- गंगोत्री साहू, पिता प्रेमलाल साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम रामपुर, पुलिस चौकी चिचोला, जिला राजनांदगांव
Comments