गरियाबंद में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: पंचायत सचिव के घर से अवैध सागौन की लकड़ी और दो पलंग-पाटा जब्त

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में वन विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत कोयबा के पंचायत सचिव मनोज कुमार साहू के निजी आवास पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सागौन का चिरान और उससे बने दो पलंग-पाटा बरामद कर जब्त किए गए। मामले में भारतीय वन अधिनियम और काष्ठ चिरान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वन विभाग के अनुसार, मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक गुरूनाथन एन. तथा उप संचालक वरुण जैन के निर्देशन में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। सहायक संचालक गोपाल कश्यप द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर टीम इंदागांव स्थित पंचायत सचिव के आवास पहुंची।

जब्त सामग्री

  • सागौन चिरान – 15 नग
  • सागौन के पलंग-पाटा – 2 नग
  • कुल आयतन – 0.367 घन मीटर

मौके पर पंचनामा तैयार कर पूरी सामग्री जब्त कर ली गई। वन विभाग ने पंचायत सचिव मनोज कुमार साहू के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 एवं काष्ठ चिरान अधिनियम, 1984 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

वन अधिकारियों ने बताया कि जब्त लकड़ी का स्रोत, चिरान कहां कराया गया और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की अवैध कटाई, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Comments