मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मिनीमाता की पुण्यतिथि पर किया नमन, कहा- उनका सेवाभावी व्यक्तित्व हमेशा देगा प्रेरणा

रायपुर, 11 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद एवं समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिनीमाता जी ने अपना पूरा जीवन मानव सेवा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मिनीमाता जी ने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ समाज से लेकर संसद तक अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने महिलाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मिनीमाता के नाम पर दिया जाता है राज्य अलंकरण पुरस्कार

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज एवं महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में मिनीमाता जी के उत्कृष्ट योगदान को सम्मान देने के लिए राज्य सरकार द्वारा उनके नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार भी प्रदान किया जाता है।

उन्होंने कहा कि मिनीमाता जी का सेवाभावी व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकार और जनहित के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उनका जीवन समाज में समानता, सेवा और जागरूकता की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

Comments