शराब के लिए पैसे मांगने पर विवाद, युवक की गर्दन पर चाकू से हमला; आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर ग्रामीण के सिलतरा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर धारदार चाकू से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी विरेंद्र मनहर (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल 8.5 इंच लंबा बटनदार चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक घटना 27 अगस्त 2026 की रात करीब 9:15 बजे ग्राम सांकरा स्थित घांसीदास बाबा मंदिर के पास हुई। आरोप है कि आरोपी ने युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा धारदार चाकू से युवक की गर्दन के पीछे वार कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक की शिकायत पर सिलतरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 47/2026 दर्ज कर धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे पकड़ा और पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार बटनदार चाकू बरामद किया। पुलिस के अनुसार चाकू की कुल लंबाई करीब 8.5 इंच, जबकि ब्लेड करीब 5 इंच और मूठ करीब 3.5 इंच लंबी है।

आरोपी को 28 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 11 सितंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा और उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में सिलतरा थाना पुलिस टीम के सहायक उप निरीक्षक शंकर लाल वर्मा, हेड कांस्टेबल कपिल चंद्रवंशी, कांस्टेबल अर्जुन डहरिया और कांस्टेबल मुकेश जांगड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Comments