बिलासपुर में EOW/ACB की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और जांच में तेजी लाने IG अमरेश मिश्रा ने दिए निर्देश

बिलासपुर। मुंगेली नाका स्थित मंडल कार्यालय में शनिवार को EOW/ACB की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता IG अमरेश मिश्रा, निदेशक EOW/ACB रायपुर ने की।

बैठक में लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए जांच में तेजी लाने और मामलों के जल्द निराकरण के निर्देश दिए गए। IG अमरेश मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि जांच में अनावश्यक देरी न हो तथा प्रत्येक प्रकरण में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया जाए।

कानूनी पहलुओं पर भी हुई चर्चा

बैठक में न्यायिक एवं अभियोजन अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रकरणों के कानूनी पहलुओं, आवश्यक कार्रवाई और न्यायालयीन प्रक्रिया को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मामलों को प्रभावी तरीके से न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने तथा जांच के दौरान सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के पालन पर सुझाव दिए।

बैठक में DSP अजितेश सिंह, प्रभारी ACB बिलासपुर, राजीव दुबे, जिला अभियोजन अधिकारी और रजनीकांत ठाकुर, GP मुंगेली सहित ACB बिलासपुर के निरीक्षक केशव नारायण आदित्य, मनीष तंबोली, योगेश राठौर एवं विनोद भास्कर मौजूद रहे।

लंबित मामलों पर विशेष फोकस

IG अमरेश मिश्रा ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने जांच में पारदर्शिता, गुणवत्ता और विधिक प्रावधानों के पालन पर विशेष जोर दिया।

बैठक को EOW/ACB की जांच प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने तथा लंबित मामलों के त्वरित निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Comments