मोहला जिले में IG अजय कुमार यादव का आकस्मिक निरीक्षण, पुलिसिंग और साइबर अपराध नियंत्रण पर दिए निर्देश
मोहला। पुलिस महानिरीक्षक, रेंज राजनांदगांव अजय कुमार यादव ने जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों तथा पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर अपराध नियंत्रण और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अपराध, लंबित मर्ग, साइबर अपराध, शिकायतों तथा अन्य महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा की गई। IG ने विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाने और प्रकरणों का समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर उन्होंने अधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि साइबर फ्रॉड के मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ संबंधित संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर ठगी की राशि को होल्ड अथवा फ्रीज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक ने थाना मोहला और थाना खड़गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों और विभिन्न शाखाओं के कार्यों का जायजा लिया। थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण और बेहतर पुलिसिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
IG ने पुलिस कैंप परवींडीह का भी निरीक्षण किया। यहां तैनात जवानों से मुलाकात कर उनकी ड्यूटी और आवश्यकताओं की जानकारी ली। विषम परिस्थितियों में कर्तव्य निभा रहे जवानों का उत्साह बढ़ाते हुए उनका मनोबल मजबूत किया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली और अभिलेखों की समीक्षा की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर कार्यों के संबंध में जानकारी ली गई।
इसके पश्चात पुलिस लाइन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह, मुख्यालय उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस महानिरीक्षक के आकस्मिक निरीक्षण से पुलिस अधिकारियों और जवानों में उत्साह का संचार हुआ। निरीक्षण से जिले में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के प्रति पुलिस बल की प्रतिबद्धता को और मजबूती मिली।
Comments