23,350 किलो खैर के अवैध परिवहन का मामला; 500-500 रुपए के 16,200 नोट मिले, BNSS की धारा 107 में कुर्की की तैयारी

महासमुंद, 8 सितंबर, वाय के न्यूज़। खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC से जुड़े मामले की जांच में महासमुंद पुलिस ने आरोपी मनीष अग्रवाल के घर से 81 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपी का मकान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के मुड़पार, थाना सरसींवा में स्थित है। आरोपी पहले से जेल में बंद है।

पुलिस के अनुसार, न्यायालय से सर्च वारंट मिलने के बाद 7 सितंबर को महासमुंद पुलिस की टीम ने आरोपी के मकान की तलाशी ली। केयरटेकर और गवाहों की मौजूदगी में हुई तलाशी के दौरान एक थैले से 500-500 रुपए के नोटों की 162 गड्डियां मिलीं। गिनती में कुल 16,200 नोट मिले, जिनकी कीमत 81 लाख रुपए है। पुलिस ने नकदी जब्त कर ली है।

23,350 किलो खैर लकड़ी के परिवहन में फर्जीवाड़ा

मामला पिथौरा थाना क्षेत्र में 23,350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन से जुड़ा है। वन परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा के आवेदन पर इस मामले में अपराध क्रमांक 172/2026 दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, खैर लकड़ी के परिवहन के लिए इस्तेमाल की गई NTPS NOC में कथित तौर पर कूटरचना कर उसे वास्तविक दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय वन अधिनियम और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

अपराध से अर्जित संपत्ति मानकर कुर्की की तैयारी

पुलिस ने बरामद 81 लाख रुपए को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए BNSS की धारा 107 के तहत कार्रवाई शुरू की है। रकम की कुर्की के लिए सक्षम न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया चल रही है।

अब पुलिस नकदी के स्रोत के साथ यह भी जांच रही है कि बरामद रकम का खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC मामले से क्या संबंध है। मामले की विवेचना जारी है।

Comments