पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा, 82.63 लाख की ठगी का आरोप; महिला गिरफ्तार

बिलासपुर। राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी की सदस्यता दिलाने का झांसा देकर 82 लाख 63 हजार रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में सरकंडा पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की (34) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को खोंगापानी स्थित उसके घर से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

फेसबुक के जरिए हुई थी पहचान

पुलिस के अनुसार सरकंडा थाना क्षेत्र के श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से निखत से पहचान हुई थी। आरोप है कि महिला ने खुद को एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल का कार्यकर्ता बताते हुए पार्टी के बड़े नेताओं से करीबी संपर्क होने का दावा किया। शुरुआत में जमीन विवाद सुलझाने का भरोसा दिलाकर उसने प्रार्थी का विश्वास हासिल किया।

इसके बाद कथित तौर पर पार्टी में महत्वपूर्ण पद दिलाने और पार्टी में ज्वाइनिंग कराने के नाम पर रकम की मांग शुरू हुई। पार्टी फंड, सदस्यता और अन्य कागजी प्रक्रिया का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में पैसे लिए जाने का आरोप है।

ऑनलाइन और नकद लिए गए लाखों रुपये

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी और उसके परिचितों के बैंक खातों के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के अलावा नकद रकम भी ली गई। जांच में कुल 82 लाख 63 हजार रुपये लिए जाने की बात सामने आई है।

रकम वापस मांगने पर आरोपी महिला द्वारा कथित तौर पर धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। इसके बाद चेतन आनंद दुबे ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम खोंगापानी पहुंची और आरोपी महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, प्रार्थी से संबंधित दस्तावेज और बायोडाटा सहित अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी वसूली और जुआ सहित अन्य मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में रकम के लेन-देन, कथित राजनीतिक संपर्क और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Comments