कांकेर में भालुओं का आतंक: राहगीर पर झुंड ने किया हमला, युवक गंभीर रूप से घायल

कांकेर | 1 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में जंगली भालुओं के झुंड ने देर रात एक राहगीर पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना चारामा ब्लॉक के हल्बा चौकी क्षेत्र के बड़ाटोला गांव की बताई जा रही है। घायल युवक का कांकेर जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

आधी रात भालुओं से हुआ सामना

जानकारी के अनुसार, जेपरा निवासी मिथलेश गंगबेर सोमवार रात करीब 12 बजे बड़ाटोला क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका सामना भालुओं के एक झुंड से हो गया। युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही भालुओं ने उस पर हमला कर दिया।

हमले में मिथलेश के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। रात का समय होने के कारण तत्काल मदद नहीं मिल सकी। युवक ने बचाव के लिए शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों को देखकर जंगल की ओर भागे भालू

ग्रामीणों के पहुंचते ही भालुओं का झुंड जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने घायल युवक को संभाला और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने के बाद घायल को प्राथमिक उपचार देकर कांकेर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

लगातार गांव के आसपास पहुंच रहे भालू

घटना के बाद बड़ाटोला और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से जंगली भालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ी है। जंगल से निकलकर भालू कई बार गांव और आसपास के रास्तों तक पहुंच रहे हैं।

रात के समय जंगल से लगे रास्तों पर आने-जाने वाले लोगों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग

ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग की टीम भालुओं की आवाजाही वाले स्थानों को चिन्हित करे और आबादी वाले क्षेत्रों से उन्हें दूर रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए। साथ ही रात के समय संवेदनशील रास्तों पर निगरानी बढ़ाने की भी मांग की गई है।

फिलहाल घायल मिथलेश गंगबेर का कांकेर जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को लेकर चिंता बनी हुई है।

Comments