रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, सात निरीक्षकों की नई पदस्थापना

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक दृष्टिकोण से बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बुधवार, 9 सितंबर 2026 को सात निरीक्षकों की नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया है। नई जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार आजाद चौक थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह को अब टिकरापारा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, वर्तमान टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश कुमार मरई को रक्षित आरक्षी केंद्र में पदस्थ किया गया है।

महिला थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना पुरन्धर को नई जिम्मेदारी देते हुए आजाद चौक थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर रक्षित आरक्षी केंद्र में पदस्थ निरीक्षक राजश्री मौर्य को महिला थाना प्रभारी बनाया गया है।

इसी प्रकार, प्रभारी जिविशा के पद पर कार्यरत निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू को गोलबाजार थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रक्षित आरक्षी केंद्र में पदस्थ निरीक्षक आनंद सोनी को यातायात विभाग में नवीन पदस्थापना दी गई है।

वहीं, रक्षित आरक्षी केंद्र में पदस्थ निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार तिवारी को प्रभारी जिविशा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस कमिश्नर कार्यालय की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर, पुलिस उपायुक्तों, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस कमिश्नरों तथा संबंधित थाना प्रभारियों सहित अन्य शाखाओं को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

आदेश में संबंधित अधिकारियों की रवानगी एवं आमद की सूचना तत्काल पुलिस कमिश्नर कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद आजाद चौक, टिकरापारा, महिला थाना और गोलबाजार जैसे महत्वपूर्ण थानों में नई जिम्मेदारियां तय हो गई हैं।

Comments