रायगढ़, 30 अक्टूबर। नशे के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस अब कार्रवाई के साथ जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता पर भी जोर दे रही है। इसी पहल के तहत घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागढ़ के ग्रामीणों ने गांव में पूर्ण शराबबंदी का सामूहिक निर्णय लिया है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नशे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं, घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों का भी उल्लेख किया।
थाना प्रभारी ने कहा कि नवागढ़ की पहल आसपास के अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराबबंदी के बाद यदि गांव में अवैध रूप से शराब बनाने या बेचने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने पुलिस के अभियान की सराहना करते हुए शराबबंदी के निर्णय को प्रभावी बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की बात कही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की कार्रवाई से पूरी नहीं हो सकती। समाज और ग्रामीणों की भागीदारी से ही नशामुक्ति अभियान को मजबूती मिलती है। गांव द्वारा स्वेच्छा से शराबबंदी का निर्णय सामूहिक जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक उदाहरण है।
Comments