पिरदा गांव की जमीन का नहीं होगा अधिग्रहण, विधायक अनुज शर्मा की पहल पर आवास मंत्री ओपी चौधरी का आश्वासन

रायपुर। आरडीए की कॉलोनी निर्माण के लिए चिन्हांकित पिरदा गांव की जमीन का सरकार द्वारा अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में पिरदा गांव के ग्रामीणों और किसानों ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में वित्त एवं आवास मंत्री ओपी चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि ग्रामीण अपनी जमीन पर आवासीय प्रोजेक्ट नहीं चाहते हैं, तो सरकार की ओर से वहां आवासीय परियोजना लाने की कोई मंशा नहीं है।

दरअसल, रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) द्वारा पूर्व निर्धारित योजना के तहत पिरदा गांव का चयन कौशल्या विहार कॉलोनी के निर्माण के लिए किया गया था। इसकी सूचना प्रकाशित होने के बाद गांव के ग्रामीणों और किसानों में भूमि अधिग्रहण को लेकर आशंका उत्पन्न हो गई थी। इस संबंध में ग्रामीणों ने ग्राम सभा आयोजित कर अपनी आपत्ति और मंशा विधायक अनुज शर्मा के समक्ष रखी।

ग्रामीणों की मांग पर विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। विधायक ने बताया कि पिरदा के ग्रामीण अपनी कृषि भूमि पर खेती कर रहे हैं और करीब 20 प्रतिशत ग्रामीणों के मकान भी इसी जमीन पर स्थित हैं। ग्रामीण अपनी जमीन आरडीए को देने के पक्ष में नहीं हैं।

ग्रामीणों की भावनाओं और उनकी मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वित्त एवं आवास मंत्री ओपी चौधरी से मोबाइल पर चर्चा कर उन्हें ग्रामीणों का पक्ष सुनने के निर्देश दिए। इसी क्रम में मंगलवार को विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मंत्रालय महानदी भवन स्थित आवास मंत्री ओपी चौधरी के कार्यालय में मुलाकात की।

ग्रामीणों से चर्चा के दौरान मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि विधायक अनुज शर्मा ने उन्हें पिरदा गांव की वास्तविक स्थिति और ग्रामीणों की भावनाओं से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण अपने गांव में आवासीय प्रोजेक्ट नहीं चाहते हैं, तो सरकार ग्रामीणों के साथ खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिरदा गांव की जमीन आरडीए द्वारा नहीं ली जाएगी और इस संबंध में आरडीए को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

मंत्री की इस घोषणा के बाद ग्रामीणों ने विधायक अनुज शर्मा और मंत्री ओपी चौधरी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति किसान हितैषी निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।

मंत्रालय के द्वार क्रमांक-4 पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि विधायक अनुज शर्मा ने उनके साथ खड़े रहने और उनकी जमीन को बचाने का आश्वासन दिया था, जिसे उन्होंने पूरा किया। ग्रामीणों ने कहा कि विधायक की पहल से पिरदा गांव की जमीन पर आरडीए का प्रस्तावित प्रोजेक्ट आने से रोकने का रास्ता साफ हुआ है।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित जनपद सदस्य, सरपंच, पंचगण एवं प्रभावित किसान उपस्थित रहे।

Comments