युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें : सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि अपने कौशल, नवाचार और उद्यमिता से रोजगार पैदा करने वाले बनें। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं और स्टार्टअप्स की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026 में मुख्यमंत्री ने युवाओं और स्टार्टअप उद्यमियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बताया कि युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण योजना के तहत 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

सीएम साय ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के बाद प्रदेश को करीब 8.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। कृषि, वन संपदा, एआई, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और अन्य नए क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार एवं व्यवसाय की संभावनाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र युवाओं को नए विचारों को नवाचार और नवाचार को सफल उद्यम में बदलने में मदद करेगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, अधिकारी, वैज्ञानिक, युवा उद्यमी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Comments