ट्रक-एंबुलेंस की आमने-सामने टक्कर, दो लोगों की मौत

बेमेतरा। बेमेतरा-कवर्धा नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार रात कन्हेरा गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक और एंबुलेंस की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एंबुलेंस सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की जिला अस्पताल बेमेतरा में उपचार के दौरान मौत हुई।

हादसे की सूचना मिलते ही खंडसरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस क्रमांक CG 04 PR 4622 रायपुर के एक निजी अस्पताल से जुड़ी बताई जा रही है। एंबुलेंस कवर्धा क्षेत्र में शव छोड़ने के बाद रायपुर लौट रही थी। इसी दौरान कन्हेरा के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक तिल्दा से चावल खाली करने के बाद कवर्धा की ओर जा रहा था।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।

पुलिस के अनुसार मृतक दोनों व्यक्ति एंबुलेंस से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि उनकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस दस्तावेजों और परिजनों से संपर्क के आधार पर पहचान की कार्रवाई कर रही है।

खंडसरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Comments