Skip to main content

जबलपुर : जैविक हाट बना लोगों की पसंद , भिलवां और महुआ के उत्पाद रहे आकर्षण का केंद्र ,,,

जबलपुर न्यूज़  /  कृषि उपज मंडी जबलपुर में प्रत्येक रविवार को लगाये जा रहे साप्ताहिक जैविक हाट में इस रविवार को भी नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति दिखाई दी। जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से आयोजित इस हाट में लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है।


जैविक हाट में उपभोक्ताओं द्वारा रसायन मुक्त एवं ताजे कृषि उत्पादों की खरीदारी में विशेष दिलचस्पी दिखाई जा रही है, जिससे किसानों को सीधे बाजार उपलब्ध हो रहा है और उनकी आय में वृद्धि के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

जैविक हाट में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए लगभग 31 कृषकों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। हाट में हरी सब्जियां, फल, अनाज, दलहन, मोटे अनाज (मिलेट्स), देशी घी, दुग्ध उत्पाद सहित विभिन्न रसायन मुक्त एवं प्राकृतिक उत्पाद उपलब्ध रहे। 

गन्ने का ताजा रस, कच्ची घानी से तैयार सरसों, मूंगफली एवं अलसी का तेल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कुंडम क्रॉप प्रोड्यूसर कंपनी के भिलावा एवं महुआ आधारित उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और इन्हें काफी पसंद किया गया।

जैविक हाट में उपभोक्ताओं ने किसानों से सीधे संवाद भी किया और उत्पादों की गुणवत्ता एवं उत्पादन पद्धति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। नागरिकों ने बताया कि किसानों से सीधे खरीदारी करने से उत्पादों की शुद्धता के प्रति विश्वास बढ़ता है तथा ताजे एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध होते हैं। कई उपभोक्ताओं ने नियमित रूप से जैविक हाट से खरीदारी करने की बात भी कही

उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम ने जैविक हाट का निरीक्षण कर किसानों एवं उपभोक्ताओं से चर्चा की। अनुविभागीय कृषि अधिकारी सिहोरा श्रीमती मनीषा पटेल के नेतृत्व में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जे एस राठौर, कृषि विस्तार अधिकारी वृषभान अहिरवार, अदिति सिंह, प्राची बर्मन, साक्षी तिवारी, सुमित पाटकर, काजल पांडे, साहब लाल पटेल एवं साक्षी ओझा ने जैविक हाट के सफल संचालन की जिम्मेदारी निभाई गई।

Comments